चाकसू थाना प्रभारी मनोहर लाल मेघवाल के अनुसार, NHAI के दुर्घटना प्रबंधक रजनीकांत यादव की मौजूदगी में बुधवार को कार्रवाई की गई। इस दौरान हाईवे सीमा में बने कई अवैध निर्माणों को JCB से हटाया गया। कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा।
NHAI की इस अचानक हुई कार्रवाई से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि हाईवे किनारे बने होटल और ढाबों के आसपास अतिक्रमण की समस्या अधिक थी। यहां आने वाले लोग अक्सर अपने वाहनों को हाईवे के किनारे ही खड़ा कर देते थे, जिसके चलते सड़क पर यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा था।
स्थानीय स्तर पर हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर भी चिंता जताई जा रही थी। सड़क किनारे अवैध निर्माण और वाहनों की बेतरतीब पार्किंग को हादसों की एक बड़ी वजह माना जा रहा है।
इसी क्रम में 23 सितंबर को कोथून गांव के पास भी एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था। हादसे में कोथून गांव निवासी बाइक सवार दंपती की मौत हो गई थी। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच NHAI की ओर से हाईवे सीमा में किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई को सड़क सुरक्षा की दिशा में उठाए गए कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
फिलहाल NHAI और पुलिस की कार्रवाई के बाद हाईवे सीमा को अतिक्रमण मुक्त करने की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों का कहना है कि हाईवे पर यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को प्रभावित करने वाले अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.